जांजगीर चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में युवती की हत्या कर शव जलाने के आरोप में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि जिले के नवागढ़ गांव में सुनीता कुशवाहा (35) की हत्या के आरोप में पुलिस ने अनवर खान को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूरजपुर निवासी कुशवाहा का लगभग 10 साल पहले अनवर के भाई जमीर खान के साथ प्रेम संबंध था। जब वह बिलासपुर में नौकरी करते थे तब उनका मिलना जुलना होता था। जमीर ने इस दौरान सुनीता से शादी करने का वादा किया था।
उन्होंने बताया कि कुछ समय बाद जमीर नौकरी छोड़कर वापस अपने गांव नवागढ़ पहुंच गया और उसने सुनीता से दूरी बना ली। वहीं जमीर ने अपने परिवार वालों की मर्जी से अन्य युवती से विवाह कर लिया था। इसके बाद सुनीता लगातार जमीर पर शादी का दबाव बनाने लगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब जमीर ने शादी से आनाकानी की तब सुनीता रविवार को उसके नवागढ़ स्थित घर पहुंची। इस दौरान जमीर घर पर मौजूद नहीं था। वहां सुनीता और जमीर के परिजनों के बीच विवाद हुआ। उन्होंने बताया कि देर रात जब विवाद बढ़ता गया तब जमीर के बड़े भाई अनवर ने गुस्से में आकर सुनीता के सिर पर पत्थर पटक दिया। सुनीता की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में अनवर ने सुनीता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद अरोपी अनवर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अनवर को गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



