चकदाह में मिला BJP सदस्य का शव, पार्टी कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर किया हंगामा

Summary :

चकदाह में बीजेपी कार्यकर्तादिलीप कीर्तनिया (31) का शव मिला, जिसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के बदमाशों ने यह हत्या की।

पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के चकदाह में रविवार तड़के बीजेपी कार्यकर्ता का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के बदमाशों ने दिलीप कीर्तनिया (31) की हत्या की है।  
पुलिस ने इस मामले में दर्ज शिकायत के हवाले से कहा कि कीर्तनिया के परिवार ने आरोप लगाया कि वह शौच के लिए रात में बाहर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जब वह बहुत देर तक नहीं लौटा , तो उसकी तलाश शुरू की गई और वह अपने आवास से कुछ मीटर दूर घायल अवस्था में मिला। उसे चकदाह के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके निजी अंगों में कई चोटें लगी थीं।’’ 
पार्टी कार्यकर्ताओं ने कीर्तनिया की मौत की खबर सुनकर इलाके में प्रदर्शन किए। पुलिस ने बताया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी की मांग की और राष्ट्रीय राजमार्ग 24 को बाधित करके प्रदर्शन किया। 
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण में शनिवार को चकदाह सीट के लिए मतदान हुआ था और इस दौरान पुलिस ने एक मतदान केंद्र के बाहर निर्दलीय उम्मीदवार कौशिक भौमिक को गिरफ्तार किया था और उसके पास से देसी पिस्तौल बरामद की थी।

Desk Team