महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में पांच मंजिला आवासीय इमारत के मलबे से दो और शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बुधवार को बढ़कर 15 हो गई। यह इमारत सोमवार देर शाम ढह गई थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मलबे में अब किसी और के दबे होने की आशंका नहीं है।
रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक अनिल परासकर ने को बताया, ‘‘ तड़के 70 वर्षीय एक पुरुष और 60 वर्षीय एक महिला का शव निकाला गया । इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई।’’ मुंबई से करीब 170 किलोमीटर दूर स्थित महाड कस्बे में ‘तारिक गार्डन’ नाम की पांच मंजिला इमारत सोमवार देर शाम ढह गयी थी।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और पुलिस बचाव दल मलबे में दबे लोगों को बचाने के काम में लगे हुए हैं।परासकर ने कहा, ‘‘ हालांकि मलबे में अब किसी के दबे होने की आशंका नहीं है लेकिन तलाश और बचाव अभियान जारी है। मलबे को हटाया जा रहा है।’’ मंगलवार को चार वर्षीय एक बच्चे और 60 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला को मलबे से निकाला गया था।


Download Android App
Download iOS App



