बोमडिला : रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज शांति की प्राथमिकता पर जोर दिया और कहा कि यह विकास के लिए बुनियाद है। निर्मला यहां बुद्ध महोत्सव के दूसरे संस्करण का उद्घाटन कर रही थीं। उन्होंने कहा कि विकास के लिए शांति को प्राथमिकता देना आवश्यक है और केंद्र राज्य तथा उसकी सीमाओं की किसी भी आवश्यकता पर निश्चित रूप से ध्यान देगा। बोमडिला अरूणाचल प्रदेश के पश्चिमी कामेंग जिले में स्थित है।
निर्मला ने कहा, हम (केंद्र) अरूणाचल प्रदेश के लोगों के साथ हैं। उनके साथ गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू भी थे। निर्मला ने कहा कि राज्य के लोग देश की सीमाओं को सुरक्षित रखने के लिए वास्तविक प्रहरी हैं। उन्होंने प्रकृति के साथ रहने के लिए राज्य के लागों की सराहना की।उन्होंने कहा, मैं यहां पहले देश की एक नागरिक के रूप में हूं और उसके बाद रक्षा मंत्री के रूप में हूं। रिजिजू ने जिले के लोगों से विकास के लिए काम करने का आहवान किया और कहा कि मदद करने में उन्हें खुशी होगी। बाद में निर्मला इटानगर रवाना हो गयीं जहां वह रात्रि विश्राम करेंगी तथा मुख्यमंत्री पेमा खांडू और राज्यपाल ब्रिगेडियर (अवकाशप्राप्त) बी डी मिश्रा से मुलाकात करेंगी।


Download Android App
Download iOS App



