लाही की फसल खराब होने पर मुआवजे की मांग

Summary :

विकासखंड में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से लाही की फसल को हुये नुकसान को लेकर सैकड़ों किसान पूर्व विधायक के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।

सितारगंज : विकासखंड में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से लाही की फसल को हुये नुकसान को लेकर सैकड़ों किसान पूर्व विधायक नारायण पाल के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। पूर्व विधायक व किसानों का कहना था कि कल की तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से लाही की सैकड़ों एकड़ में खड़ी फसल खराब हो गयी है।

खेतों में पानी भर जाने से भी फसल खराब हुई। जिससे किसानों को लाखों रुपये की हानि हो गयी हैं। किसानों ने फसल के नुकसान का मुआवजे देने की मांग की है। पूर्व विधायक पाल ने कहा कि किसानों से बैकों में फसली ऋण पर फसल बीमा काटा जा रहा है। बारिश से लाही की फसल खराब होने पर अब सरकार को फसल का बीमा देना चाहिए।

क्योंकि किसानों की पहले ही स्थिति बड़ी दयनीय हैं। ऐसे में सरकार किसानों को तुरंत खराब फसल का मुआवजा दे। उपजिलाधिकारी निर्मला बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र में बारिश से हुये फसल के नुकसान को लेकर एक टीम गठित की गई हैं। जो क्षेत्र में जाकर खराब फसल के नुकसान की जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी।

उसके बाद किसानों को नुकसान का मुआवजा देने की कार्यवाही की जायेगी। विधायक व किसानों ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर पूर्व ब्लाक अध्यक्ष कृष्णपद मंडल, सोहनपाल गौतम, भवतोश आचार्य, परमेश्वर दयाल आदि मौजूद थे।

Desk Team