एचडी देवेगौड़ा ने PM मोदी को लिखा पत्र, कहा- कोविड-19 को रोकने के लिए चुनावी जीत के जश्न को सीमित किया जाए

Summary :

पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने कोविड-19 महामारी के प्रसार को नियंत्रित करने के उपाय के तहत चुनावी जीत के जश्न को सीमित करने और उप चुनाव व स्थानीय चुनाव को छह महीने के लिए स्थगित करने का आह्वान किया है।

पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने कोविड-19 महामारी के प्रसार को नियंत्रित करने के उपाय के तहत चुनावी जीत के जश्न को सीमित करने और उप चुनाव व स्थानीय चुनाव को छह महीने के लिए स्थगित करने का आह्वान किया है। जनता दल (सेक्युलर) के अध्यक्ष देवेगौड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में कहा कि जनसभाओं को अगले छह महीने के लिए प्रतिबंधित कर दिया जाना चाहिए। 
उन्होंने प्रधानमंत्री को संक्रमण रोकने के लिए कुछ सुझाव भी दिए हैं। राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘ जिन राज्यों में इस महीने चुनाव हुए हैं वहां पर चुनावी जीत के जश्न में कटौती करने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए। चूंकि, किसी भी राज्य विधानसभा का कार्यकाल मई के बाद समाप्त नहीं हो रहा है, इसलिए सभी उप चुनाव और स्थानीय निकाय चुनावों को छह महीने के लिए स्थगित किया जाना चाहिए।’’ 
उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान निर्वाचन आयोग सुरक्षित चुनाव के लिए नए नियम बना सकता है और साथ-साथ टीकाकरण अभियान की गति भी बढ़ाई जा सकती है। देवेगौड़ा ने प्रधानमंत्री को आश्वासन दिया कि महामारी को नियंत्रित करने और टीकाकरण विस्तार के लिए उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा लिए जाने वाले सभी सकारात्मक फैसलों और पहलों की वह समर्थन करेंगे। 
पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका मानना है कि यह समय है जब काम किया जाए और तत्परता से किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य प्रशासन और कोविड-19 प्रबंधन का तुंरत विकेंद्रीकरण करना होगा। उन्होंने कहा कि राज्यों की राजधानी में राज्य स्तरीय ‘‘वाररूम’’ काफी नहीं है, बल्कि यह सभी जिला मुख्यालयों में होना चाहिए। देवेगौड़ा ने कहा कि मौजूदा ध्यान बड़े शहरों पर है लेकिन गैर शहरी जिलों और तालुका केंद्रों पर बड़ा खतरा है। गांवों पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है। 

Desk Team