मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार पर आए संकट का जिक्र करते हुए कांग्रेस वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बुधवार को (यानी आज) कहा कि प्रदेश में पार्टी के 22 बागी विधायकों में से 13 ने आश्वासन दिया है कि ‘‘वे कांग्रेस छोड़कर नहीं जा रहे हैं।’’ साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य में कमलनाथ के नेतृत्व वाली सरकार विश्वास मत जीत लेगी।
दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘‘हम यह अंदाजा नहीं लगा सके कि सिंधिया पार्टी छोड़ देंगे और यह एक भूल थी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम चुपचाप नहीं बैठे हैं। हम सो नहीं रहे हैं।’’ इससे एक दिन पहले राज्य से कांग्रेस के नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पार्टी छोड़ दी और फिर 22 विधायकों ने विधानसभा से अपना इस्तीफा दे दिया।
MP के सियासी घटनाक्रम के बीच राहुल गांधी ने PM पर लगाया कांग्रेस सरकार को ‘अस्थिर’ करने का आरोप
सिंह ने कहा कि सिंधिया राज्यसभा के लिए कांग्रेस के प्रत्याशी हो सकते थे लेकिन अति महत्वाकांक्षी नेता को मंत्री पद ‘‘केवल मोदी-शाह’’ ही दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि सिंधिया को मध्य प्रदेश में उपमुख्यमंत्री के पद की पेशकश की गई लेकिन वह अपने नामित व्यक्ति को इस पद पर चाहते थे।
हालांकि, कमलनाथ ने ‘‘चेला’’ स्वीकार करने से इनकार कर दिया। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार को गिराने में शिवराज सिंह चौहान के विफल होने के बाद भाजपा ने सिंधिया को ऐसा करने के लिए तैयार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायकों को मोटी रकम की पेशकश की गई।


Download Android App
Download iOS App



