सोनिया गांधी पर दर्ज FIR को लेकर DK शिवकुमार ने CM येदियुरप्पा को लिखा खत

Summary :

कर्नाटक के शिमोगा जिले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ पीएम केयर्स फंड को लेकर गलत जानकारी फैलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को पत्र लिखकर सोनिया गांधी के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गलत जानकारी के आधार पर सोनिया गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, इसे तुरंत निरस्त किया जाना चाहिए।
शिवकुमार ने कहा, बीजेपी के कार्यकर्ता ने सोनिया गांधी के खिलाफ गलत सूचना के आधार पर राजनीतिक मकसद से शिकायत दर्ज कराई है। मैंने मुख्यमंत्री येदियुरप्पा को पत्र लिखकर एफआईआर को वापस लेने की मांग की है, साथ ही मैंने उनसे दोषी पुलिस अधिकारी के खिलाफ कानून की प्रक्रिया का दुरुपयोग करने और उन्हें निलंबित करने का भी आग्रह किया है।


दरअसल, कर्नाटक के शिमोगा जिले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ पीएम केयर्स फंड को लेकर गलत जानकारी फैलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई गई है। एफआईआर में कहा गया कि कांग्रेस पार्टी की ओर से 11 मई को गलत दावे किए गए और केंद्र सरकार पर झूठे आरोप लगाए गए। 

सोनिया गांधी के खिलाफ आईपीसी की धारा 153, 505 के तहत ये एफआईआर दर्ज की गई है। यह एफआईआर प्रवीण नामक एक स्थानीय वकील द्वारा दर्ज की गई है जिसने अपील की है कि सोनिया गांधी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही होनी चाहिए। 

Desk Team