स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक के दामाद समीन खान के आवास पर बृहस्पतिवार को छापा मारा। खान को नशीले पदार्थों संबंधी एक मामले में एनसीबी ने बुधवार को गिरफ्तार किया था। इस मामले में ब्रिटिश नागरिक करण सजनानी और दो अन्य को पिछले सप्ताह 200 किलोग्राम मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि एनसीबी के एक दल ने बृहस्पतिवार को उपनगरीय बांद्रा में खान के आवास पर छापा मारा, जहां से कुछ भी जब्त नहीं किया गया। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद, एनसीबी की टीम ने जुहू इलाके में भी छापा मारा और छापेमारी का अभियान जारी है।
एनसीबी ने खान को कई घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। सूत्रों ने बताया कि ड्रग्स मामले के एक आरोपी और उनके बीच 20,000 रुपये का कथित ऑनलाइन लेन-देन का मामला सामने आने के बाद एजेंसी ने उन्हें तलब किया।
गौरतलब है कि एजेंसी ने मंगलवार को मुंबई के प्रसिद्ध मुच्छड़ पानवाला दुकान के एक मालिक रामकुमार तिवारी को गिरफ्तार किया था।


Download Android App
Download iOS App



