नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने मुंबई में ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए एक गोदाम से 50 किलो ड्रग्स (मेफेड्रोन) जब्त की है। जिसकी कीमत लगभग 120 करोड़ आंकी गई है। एनसीबी ने मामले में एयर इंडिया के पूर्व पायलट समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
NCB के डिप्टी डायरेक्टर जनरल SK सिंह ने बताया कि मामले में जामनगर से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें एक की पहचान सोहेल गफ्फार के रूप में हुई है, जो 2016-18 तक एयर इंडिया में पायलट था। शुरूआती जांच से पता चला है कि दोनों बरामदगी में एक समान संबंध है।

उन्होंने कहा कि NCB ने मुंबई स्थित एक गोदाम में छुपाए गए लगभग 50 किलो MD ड्रग बरामद किया। यह एक कार्टेल द्वारा चलाया जा रहा था। हमने कार्टेल के सरगना समेत 2 लोगों को गिरफ़्तार किया है। हमने पहले भी इस कार्टेल के सरगना को मैंड्रेक्स ड्रग की तस्करी में गिरफ़्तार किया था।
राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने गुरुवार को मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 16 किलो हेरोइन को जब्त किया था। वहीं, एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया था। हेरोइन की कीमत कई करोड़ आंकी गई थी। डीआरआई अधिकारी के अनुसार, हेरोइन को एक ट्रॉली बैग के अंदर छुपाया गया था।
गौरतलब है कि मुंबई डीआरआई ने 1 अक्टूबर को वाशी के पास एक ट्रक से 198 किलो ड्रग्स और 9 किलो कोकीन बरामद किया था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 1,476 करोड़ रुपये थी। तस्कर इन नशीले पदार्थों और कोकीन को संतरे से लदे ट्रक में छिपाकर ले जा रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



