पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने सोमवार को आरोप लगाया कि दुर्योधन और दुशासन (प्रधामंत्री और भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष) ने देश का नाश कर दिया है। सुश्री बनर्जी ने यहां राशमेला मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘वे कहते हैं कि वे राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर को लागू करेंगे। चालीस लाख बंगालियों के नाम रजिस्टर में से काट दिये गये हैं। क्या दुस्साहस है। बंगाल में कोई एनआरसी नहीं लागू होगा।
वे देश के लोगों को दूसरे देश में भेजना चाहते हैं। लोग आपको दूर भेजने का इंतजार कर रहे हैं। आप सत्ता में दोबारा नहीं लौटेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘नागरिकता संशोधन विधेयक के मुताबिक आप छह वर्ष के लिए विदेशी बन जाएंगे और उसके बाद सरकार पर निर्भर होगा कि वह आपको नागरिकता देती है या नहीं। यह पूरी तरह बेमतलब की बात है। बेवकूफ मत बनिये।
वे अपनी रैलियों में शामिल होने के लिए लोगों को पैसे देते हैं। चुनाव के बाद वे नहीं मिलते। वे प्रवासी पक्षियों की तरह हैं जो केवल चुनाव के दौरान नजर आते हैं। अगर वे इन चुनावों में जीत गये तो लोगों की आजादी छिन जायेगी। संविधान नष्ट कर दिया जायेगा। धार्मिक स्वतंत्रता नहीं रहेगी। महिलाएं सुरक्षित नहीं रहेंगी।


Download Android App
Download iOS App



