दुबई से मुंबई आ रही ‘इंडिगो’ की एक उड़ान में नशे की हालत में चालक दल के सदस्यों तथा सह यात्रियों को कथित रूप से अपशब्द कहने के मामले में दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि विमान के मुंबई में उतरने के बाद दोनों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि यहां उन्हें एक अदालत से मामले में जमानत मिल गई।
बीच-बचाव करने वाले चालक दल के सदस्यों से कहे अपशब्द
उन्होंने कहा, ‘‘दोनों आरोपी कोल्हापुर और पालघर के नालासोपारा के रहने वाले हैं। वे खाड़ी देश में एक साल काम करने के बाद लौट रहे थे।’’ अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपी देश लौटने की खुशी में शराब पी रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘जब अन्य यात्रियों ने उनके हंगामा करने पर आपत्ति जताई, तो उन्होंने उन्हें तथा बीच-बचाव करने वाले चालक दल के सदस्यों से अपशब्द कहे।’’
आपातकालीन निकास को खोलने का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार
सहार थाने के अधिकारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 336 (अन्य लोगों के जीवन व सुरक्षा को खतरे में डालना) और विमानन नियमों की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह विमान में किसी यात्री के अनुचित व्यवहार करने की इस साल सातवीं घटना है। इससे पहले, 11 मार्च को एक व्यक्ति को लंदन से मुंबई आ रहे विमान के शौचालय में धूम्रपान करने और उसके आपातकालीन निकास को खोलने का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



