गुजरात के कच्छ और अमरेली जिलों में सोमवार को क्रमश: 3.8 और 3.3 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। भूकंपीय अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) से अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जिला अधिकारियों के अनुसार भूकंप से किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि कच्छ जिले में सुबह 10 बजकर 49 मिनट पर 3.8 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। भूकंप का केंद्र कच्छ में लखपत शहर से 62 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पूर्व में और 15 किलोमीटर की गहराई में था।
गांधीनगर स्थित आईएसआर ने कहा कि अमरेली जिले के मिटियाला गांव में देर रात करीब एक बजकर 42 मिनट पर 3.3 तीव्रता भूकंप महसूस किया गया जो 7.1 किलोमीटर की गहराई में आया था। उन्होंने बताया कि अमरेली में पिछले एक सप्ताह में पांचवी बार भूकंप का झटका महसूस किया गया, जिनकी तीव्रता 3.1 से 3.4 के बीच रही। सौराष्ट्र क्षेत्र स्थित अमरेली जिला ‘‘भूकंप स्वार्म’’ का गवाह रहा है और पिछले दो वर्षों में यहां करीब 400 बार भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए हैं।
‘भूकंप स्वार्म’ उसे कहते हैं जब नियमित अंतराल पर अधिकतर छोटे स्तर के भूकंप महसूस किए जाते हैं जो अक्सर कम समय के लिए आते हैं, लेकिन ये कई दिनों, हफ्तों या कुछ महीनों तक जारी रह सकते हैं। जनवरी 2001 में कच्छ जिला भीषण भूकंप का अनुभव कर चुका है जिसमें 13,800 लोग मारे गए थे और 1.67 लाख लोग घायल हुए थे। इस भूकंप से जिले के विभिन्न शहरों और गांवों में व्यापक क्षति हुई थी।


Download Android App
Download iOS App



