भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज राज्य की कांग्रेस सरकार से प्रदेश में बच्चियों पर लगातार बढ़ रहे अत्याचार की घटनाओं पर प्रभावी कदम उठाए जाने की मांग की। श्री चौहान दुष्कर्म और हत्या की शिकार बच्ची के मांडवा बस्ती स्थित घर पहुंचे और परिजन से मिलकर उन्हे सांत्वना दी। इस मौके पर विधानसभा में विपक्ष के नेता गोपाल भार्गव भी मौजूद रहे।
श्री चौहान ने मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ठप हो गई है। प्रदेश बदतर स्थिति में पहुंच गया है। बच्चियों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिसे रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ट्रांसफर और पोसि्टंग के उद्योग में व्यस्त है और कानून व्यवस्था पर उसका ध्यान ही नहीं है। बार-बार के तबादलों से पुलिसकर्मियों और अधिकारियों का मनोबल भी गिरा है, जिससे उनकी कार्यक्षमता प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि यदि कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार नहीं लाया जाता है, तो भाजपा इस सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।


Download Android App
Download iOS App



