निर्वाचन आयोग (ईसी) ने पश्चिम बंगाल में कुछ और पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है। ये तबादले सोमवार को विधानसभा चुनाव के सातवें चरण के मतदान से ठीक पहले किए गए। अधिकारियों ने बताया कि आर्थिक अपराध निदेशालय के निरीक्षक शांतनु सिन्हा बिस्वास का तबादला जलपाईगुड़ी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के कार्यालय में बतौर अपराध निरीक्षक किया गया है।
भाजपा ने सिन्हा पर डाक मतपत्रों में छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। रविवार रात को जारी स्थानांतरण आदेश के मुताबिक आसनसोल-दुर्गापुर के सहायक आयुक्त रहे श्रीमंत कुमार बंदोपाध्याय का तबादला कर उन्हें बोलपुर का सब डिविजनल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) बनाया गया है।
बोलपुर के मौजूदा एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार हाल में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। आदेश के मुताबिक कृष्णानगर पुलिस जिले के कृष्णागंज के सर्किल इंस्पेक्टर निहार रंजन रॉय को मुर्शिदाबाद पुलिस थाने का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है, अब तक इस पद पर आतिश दास थे। दास को पुलिस निदेशालय भेजा गया है।
उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग ने चुनाव के दौरान कई अधिकारियों के तबादले किए हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों के लिए आठ चरणों में मतदान कराया जा रहा है और मतों की गिनती दो मई को होगी।


Download Android App
Download iOS App



