आंध्र प्रदेश में शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव 10 मार्च को होंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार को यह जानकारी दी। पिछले साल कोविड-19 महामारी के मद्देनजर चुनाव प्रक्रिया को बीच में ही रोक दिया गया था। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार ग्रेटर विशाखापट्टणम और विजयवाड़ा समेत 12 नगर निगमों और 75 नगरपालिकाओं और नगर पंचायतों में मतदान के बाद मतों की गिनती 14 मार्च को की जाएगी।
राज्य में चार चरणों में हो रहे पंचायत चुनाव के बीच इस चुनाव की घोषणा हुई है। दो चरण का चुनाव संपन्न हो चुका है। बाकी बचे दो चरणों के चुनाव 17 और 21 फरवरी को हैं। पिछले साल नामांकन पत्र दाखिल होने और उसकी जांच के बाद कोविड-19 के मद्देनजर 15 मार्च, 2020 को आयोग ने चुनाव प्रक्रिया अगले छह सप्ताह के लिए निलंबित कर दी थी, जिसे बाद में अगले आदेश तक के लिए आगे बढ़ा दिया गया था। हालिया अधिसूचना में कहा गया है कि आयोग चुनावी प्रक्रिया को वहीं से शुरू करेगा, जहां पिछले साल महामारी की वजह से उसे रोक दिया गया था।


Download Android App
Download iOS App



