महामारी : असम में कोरोना का कहर जारी, संक्रमितों का आंकड़ा 900 के पार

Summary :

राज्य में सामने आए संक्रमण के कुल 910 मामलों में 794 मरीजों का उपचार चल रहा है। शुक्रवार को जीएमसीएच से छह मरीजों को छुट्टी दे दी गई जिसके बाद ठीक हो चुके मरीजों की संख्या 109 पर पहुंच गई। राज्य में अब तक कोविड-19 से चार लोगों की मौत हो चुकी है और तीन राज्य से बाहर चले गए हैं।

देशभर में कोरोना वायरस का कहर दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है। संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार हरसंभव कोशिश कर रही है। इस बीच, शुक्रवार को असम में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 900 के पार पहुंच गया है। इसी बीच गुवाहाटी मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में शुक्रवार को कोविड-19 के मरीजों के उपचार लिए समर्पित एक इकाई का उद्घाटन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने यह जानकारी दी।
राज्य में सामने आए संक्रमण के कुल 910 मामलों में 794 मरीजों का उपचार चल रहा है। शुक्रवार को जीएमसीएच से छह मरीजों को छुट्टी दे दी गई जिसके बाद ठीक हो चुके मरीजों की संख्या 109 पर पहुंच गई। राज्य में अब तक कोविड-19 से चार लोगों की मौत हो चुकी है और तीन राज्य से बाहर चले गए हैं। मंत्री ने कहा कि ताजा सामने आए संक्रमण के 30 मामलों में से 16 गोलाघाट, छह करीमगंज, और लखीमपुर, कछार, हैलाकांदी और कारबी आंगलोंग के दो-दो मामले हैं।
जीएमसीएच में कोविड-19 के नए केंद्र का उद्घाटन करने के बाद सरमा ने कहा कि केंद्र द्वारा 150 करोड़ की सहायता से निर्मित यह इकाई पूर्वी भारत में अपनी तरह का पहला केंद्र है। सरमा ने ट्वीट किया, “जीएमसीएच की नई इकाई में केंद्रीयकृत वातानुकूलन की सुविधा है और इसमें 14 अल्ट्रावायलेट जर्मीसाइडल इरेडिएशन सिस्टम लगे हैं जिनसे भीतर की हवा की गुणवत्ता बढ़ेगी और बैक्टीरिया से निजात मिलेगी। प्रत्येक बिस्तर मेडिकल गैस आपूर्ति की सुविधा से लैस है।” चार मंजिला इमारत में बनी इस इकाई में 236 बिस्तर हैं जिनमें से 50 गहन चिकित्सा कक्ष में हैं और 186 वार्ड में हैं।

Desk Team