कोलकाता : ममता बेनर्जी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री की 31 महीने पुरानी तृणमूल कांग्रेस सरकार के मंत्रिमंडल का बृहस्पतिवार को विस्तार किया गया और इसमें चार नये चेहरे शामिल किए गए हैं। मंत्रिमंडल में जिन नये चहेरों को शामिल किया गया है, उनमें तापस राय, सुजीत बोस, रत्ना घोष (कार) और निर्मल मांझी शामिल हैं।
राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी ने राजभवन में उन्हें मंत्री पद की शपथ दिलायी। इस दौरान मुख्यमंत्री के अलावा उनके कैबिनेट सहयोगी भी मौजूद थे। राय को योजना एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है, जबकि बोस दमकल विभाग के स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री होंगे । शपथ ग्रहण समारोह के बाद ममता ने बताया कि घोष (कार) एमएसएमई (सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय) में राज्य मंत्री होंगी, जबकि मांझी को श्रम राज्य मंत्री बनाया गया है ।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्रिमंडल में एक मामूली फेरबदल के तहत स्वास्थ्य राज्य मंत्री चंडीराम भट्टाचार्य को आवास विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है ।


Download Android App
Download iOS App



