शिवसेना नेता संजय राउत ने शुक्रवार को उन आरोपों को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि मुंबई पुलिस ने टेलीविजन रेटिंग प्वाइंट (टीआरपी) में छेड़छाड़ करने वाले रैकेट का पर्दाफाश बदले की कार्रवाई के तहत किया।
उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘ मुंबई पुलिस ने इस घोटाले का खुलासा करने के लिए साहसिक कदम उठाया है। यह तो महज शुरुआत है…सबकुछ जल्द सामने आ जाएगा।’’ राउत ने पूछा, ‘‘यह घोटाला करीब 30 हजार करोड़ रुपये का है और लोग चुप क्यो हैं?इनसब के पीछे कौन है? यह पैसा कहां से आया?’’
उन्होंने कहा, ‘‘ मुंबई पुलिस पेशेवर है। कोई कदम बदले या विद्वेष की भावना से नहीं उठाया जाएगा, लेकिन जिस तरह से चैनलों ने महाराष्ट्र विकास अघाड़ी सरकार और ठाकरे परिवार को निशाना बनाया, क्या वह विद्वेषपूर्ण नहीं है?’’
राउत ने लेखिका शोभा देशपांडे को बधाई दी जिन्होंने शहर के स्थानीय आभूषण विक्रेता द्वारा मराठी में बात करने से इनकार करने पर विरोध किया था। उन्होंने कहा कि वह मराठी भाषा के सम्मान के साथ खड़ी हुई हैं।


Download Android App
Download iOS App



