कर्नाटक में शुक्रवार को केन्द्र और राज्य सरकार की ‘किसान विरोधी’ नीतियों के खिलाफ आहूत बंद के दौरान किसानों ने विरोध-प्रदर्शन किया। राज्य के विभिन्न हिस्सों से भारी संख्या में किसान राजधानी बेंगलुरु पहुंचे और कृषि उत्पाद विपणन समिति (एपीएमसी) तथा कर्नाटक भूमि सुधार अधिनियम में संशोधनों के खिलाफ विरोध प्रकट किया।
एपीएमसी अधिनियम में संशोधन के बाद किसान अपने उत्पाद एपीएमसी से बाहर किसी भी खरीदार या किसी अन्य एपीएमसी को बेच सकेंगे। प्रदर्शनकारियों ने इन संशोधनों को ‘किसान विरोधी’ करार देते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे कुछ लोग अपने कालेधन को सफेद बनाने के लिये ये अध्यादेश लेकर आए हैं।
किसानों के एक समूह ने शहर के यशवंतपुर के निकट व्यस्त रहने वाले तुमकुरु रोड को बंद कर दिया। मैसूरू और देवनागरी समेत अन्य स्थानों पर भी प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों को रास्ते बाधित करने रोकने के लिये कई जगहों पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किये गए हैं।
प्रदर्शन का नेतृत्व करने वालों में शामिल किसान नेता के शांताकुमार ने कहा कि बेंगलुरु के सभी राजमार्गों को जाम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 34 से अधिक संगठन साथ आए हैं और वे पूरे शहर में प्रदर्शन करेंगे। शांताकुमार ने आरोप लगाया कि सरकार ने कृषि क्षेत्र से संबंधित कानूनों में संशोधन करते समय किसानों को भरोसे में नहीं लिया।


Download Android App
Download iOS App



