देहरादून : बाढ़ का कहर झेल रहे केरल की मदद के लिए उत्तराखंड ने हाथ आगे बढ़ाए हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केरल को पांच करोड़ की सहायता देने की घोषणा की। साथ ही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत मंत्रिमंडल के सभी सदस्य और सत्तारूढ़ दल के विधायक केरल में आपदा प्रभावितों की मदद के लिए एक माह का वेतन देंगे। प्रदेश में विपक्षी दल कांग्रेस के सभी विधायक व राज्यसभा सदस्य भी एक माह का वेतन केरल की मदद के लिए देने का निर्णय लिया है।
भारी बारिश और बाढ़ की मार झेल रहे केरल की मदद को प्रदेश सरकार आगे आई है। वर्ष 2013 में आपदा के कहर को झेल चुके उत्तराखंड को भी तब मदद के लिए कई राज्यों ने हाथ बढ़ाए थे। इस बार प्रदेश सरकार ने केरल को राहत सहायता के लिए आगे बढ़कर पांच करोड़ रुपये देने का फैसला लिया है।
केरलवासियों के साथ खड़ी है उत्तराखंड की जनता
मुख्यमंत्री ने स्वयंसेवी संस्थाओं और समाजसेवियों से भी केरल में जनता की मदद करने की अपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता आपदा से होने वाली कठिनाइयों से परिचित है। वह केरल वासियों का दर्द समझ सकती है। संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड की जनता केरलवासियों के साथ खड़ी है। वहीं सरकार के सभी मंत्रियों और भाजपा विधायकों ने भी एक माह का वेतन केरल की मदद के लिए देने का निर्णय लिया है। केरल की मदद के लिए कांग्रेस भी आगे आई है।
केरल में हर तरफ़ तबाही का मंजर, मृतकों का आंकड़ा 370 पर पहुंचा, युद्धस्तर पर राहत-बचाव अभियान
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि राज्य के सभी कांग्रेस विधायक और राज्यसभा सदस्य केरल की मदद के लिए एक माह का वेतन देंगे। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली में शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में पार्टी के सभी प्रदेश अध्यक्षों, विधानमंडल दल के नेताओं, केंद्रीय नेताओं की बैठक में यह निर्णय लिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



