बंगाल विधानसभा चुनाव का पहला चरण : हिंसा की छिटपुट घटनाओं के बीच 84.13 प्रतिशत मतदान

Summary :

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 30 सीटों पर 84.13 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य में ज्यादातर स्थानों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा और हिंसा की छिटपुट घटनाएं सामने आईं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 30 सीटों पर 84.13 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य में ज्यादातर स्थानों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा और हिंसा की छिटपुट घटनाएं सामने आईं। शनिवार को जिन 30 सीटों पर मतदान हुआ उनमें से नौ पुरुलिया, बांकुड़ा और झाड़ग्राम की चार-चार, पश्चिम मेदिनीपुर की छह और पूर्व मेदिनीपुर की सात सीटें शामिल हैं।  
पूर्व मेदिनीपुर जिले में सर्वाधिक 86.32 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा झाड़ग्राम में 84.74 प्रतिशत, पश्चिम मेदिनीपुर में 84.71 प्रतिशत, बांकुड़ा में 84.27 प्रतिशत और पुरुलिया में 81.77 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव आयोग के अधिकारी ने कहा, “यह अनुमानित आंकड़ा है। अंतिम आंकड़ा जल्दी ही जारी किया जाएगा।” शनिवार शाम पांच बजे तक 79.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। 
आयोग के अधिकारी ने कहा कि मतदान के दौरान कुछ स्थानों से हिंसा की छिटपुट घटनाएं सामने आईं। उन्होंने कहा कि जिन 30 सीटों पर मतदान हुआ, उनमें से कई जंगलमहल क्षेत्र में हैं जो कभी नक्सल प्रभावित था। अधिकारी ने बताया कि कड़ी सुरक्षा और कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए मतदान संपन्न कराया गया। मतदान के पहले चरण में विभिन्न स्थानों पर हिंसा में लिप्त 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। 

Desk Team