गिरिडीह जिले में मंगलवार को अलग-अलग दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गयी जबकि दर्जनों अन्य घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पहली घटना गांवा थाना क्षेत्र की है जहां बारात की एक पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को रांची स्थित रिम्स भेजा गया है।
दूसरी घटना में सरिया थाना क्षेत्र में गया-धनबाद रेल खण्ड के किनारे एक युवक का शव मिला है। बताया जा रहा है कि मृतक स्थानीय निवासी था, लेकिन अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पायी है।
पुलिस ने बताया कि तीसरी घटना बगोदर थाना क्षेत्र के तिरला मोड़ के पास की है। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में मरने वाले व्यक्ति की पहचान वासुदेव महतो के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि चौथी घटना में पचम्बा थाना क्षेत्र के पिण्डाटांड की है जहां एक महिला ने कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या कर ली। वहीं पांचवीं घटना में देवरी थाना क्षेत्र के जंगलों में जंगली सूअर के हमले में मंगरु मुर्मू की मौत हो गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोमवार देर रात जंगली सूअर ने मंगरू पर हमला किया था और आज इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



