सागर जिले में सागर-खुरई मार्ग पर मंगलवार तड़के खुरई बाइपास पर तेज रफ्तार से चल रही एक कार के सड़क किनारे खड़ी जेसीबी मशीन से टकरा जाने के कारण कार में सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। खुरई थाने के प्रभारी विजय केन ने बताया कि मृतकों की पहचान सुभाष सप्रे (50), उनकी पत्नी गुड्डी देवी (45) एवं उनकी तीन बेटियों – निशा (23), मुनमुन (17) और बेबी (10) – के रूप में हुई है।

उन्होंने कहा कि इस हादसे में कार चालक सोनू केवट घायल हुआ है, जिसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केन ने बताया कि सुभाष सप्रे मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक थे। वह अपने परिवार के साथ गुना जिले के आरोन थाने के सरकारी आवास में रहते थे।
लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए NDA उम्मीदवार ओम बिड़ला को मिला BJD का समर्थन
उन्होंने कहा कि वह दो दिन की छुट्टी लेकर एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने परिवार के साथ सागर आए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से चल रही उनकी कार सड़क किनारे खड़ी जेसीबी मशीन से टकरा गई। केन ने बताया कि हादसा इतना भयंकर था कि इसमें कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



