झारखंड के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेंद्र सिंह का निधन, CM सोरेन समेत कई नेताओं ने जताया शोक

Summary :

झारखंड के कांग्रेस विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह का दिल्ली के एक निजी अस्पताल में संक्षिप्त बीमारी के बाद रविवार को निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

झारखंड के कांग्रेस विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह का दिल्ली के एक निजी अस्पताल में संक्षिप्त बीमारी के बाद रविवार को निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। राजेंद्र सिंह वर्तमान में झारखंड की बेरमो सीट से विधायक थे। 
सिंह के परिजनों के मुताबिक, इन्फेक्शन की शिकायत के बाद उन्हें रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में स्थिति में सुधार नहीं होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली ले जाया गया। कई दिनों तक दिल्ली में इलाज के बाद रविवार को उनका निधन हो गया। सिंह की पहचान मजदूर कांग्रेसी नेता के रूप में रही थी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह संयुक्त बिहार और झारखंड सरकार में मंत्री भी रह चुके थे। 
उनके निधन पर झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई। सत्ता और विपक्ष के नेताओं ने उनके निधन पर शोक प्रकट किया है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री सोरेन ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा, “सिंह के निधन की खबर से मन आहत है। आज झारखंड ने एक कर्मठ नेता और सच्चा सेवक खो दिया। परमात्मा उनकी आत्मा को शांति प्रदान कर परिवारजनों को इस दुख की घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”  


झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने सिंह के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए कि राजेंद्र सिंह का जाना, प्रदेश के लिए यह अपूरणीय क्षति है। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी सिंह के निधन पर दुख और शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा, “बेरमो विधायक राजेंद्र सिंह जी के निधन की खबर से मर्माहत हूं। उनकी आत्मा को शांति और इस विकट परिस्थिति में उनके स्वजनों और प्रियजनों को दुख सहने की शक्ति मिले, हमारी ईश्वर से यही प्रार्थना है। विनम्र श्रद्धांजलि।” कांग्रेस के नेता धीरज साहु, आलमगीर आलम ने भी सिंह के निधन पर शोक प्रकट किया है। 

पाकिस्तान में हुए दर्दनाक विमान दुर्घटना के मामले की पूछताछ हुई शुरू : गुलाम सरवर खान

Desk Team