पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में शनिवार को स्थानीय लोगों द्वारा हमला किए जाने के बाद सीआईएसएफ ने कथित तौर पर गोलियां चलाई जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। ऐसा आरोप है कि स्थानीय लोगों ने सीआईएसएफ जवानों की ‘‘राइफलें छीनने की कोशिश की।’’ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना सीतलकूची में हुई जब मतदान चल रहा था।
उन्होंने बताया, ‘‘प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार एक गांव में अपने ऊपर हमला किए जाने के बाद सीआईएसएफ जवानों की गोलीबारी में चार लोग मारे गए। वहां झड़प हुई और स्थानीय लोगों ने उनका घेराव कर दिया और उनकी राइफलें छीनने की कोशिश की जिसके बाद केंद्रीय बलों ने गोलियां चलाई। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।’’ निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने घटना पर जिले के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।
इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि कूचबिहार जिले में पहली बार वोट डालने एक युवक की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि हावड़ा जिले में नौ सीटों, दक्षिण 24 परगना में 11, अलीपुरद्वार में पांच, कूचबिहार में नौ और हुगली में 10 सीटों पर कोविड-19 संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करते हुए मतदान हो रहा है। कूचबिहार में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद पठानतुली इलाके में बूथ नंबर 85 के बाहर बदमाशों ने 18 वर्षीय मतदाता आनंद बर्मन की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि दोषियों की पहचान अभी नहीं की गई है और वे घटनास्थल से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद इलाके में हिंसा भड़क उठी जिसके बाद केंद्रीय बलों को हालात को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। तृणमूल कांग्रेस और भाजपा दोनों ने दावा किया कि बर्मन उनकी पार्टी से जुड़ा था लेकिन उसके परिवार के सदस्यों ने कहा कि वह भगवा पार्टी का कार्यकर्ता था।
एक निर्वाचन अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें सूचना मिली कि कूचबिहार जिले में सीतलकूची में एक मतदान केंद्र के बाहर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमने पर्यवेक्षक से जल्द से जल्द रिपोर्ट देने को कहा है और हालात के बारे में जानकारी ली है।’’ तृणमूल ने निर्वाचन आयोग से शिकायत की है कि भाजपा कूचबिहार के नाताबरी, सीतलकूची, तूफानगंज, माथाभंगा और दिनहाटा में कई तदान केंद्रों पर उसके एजेंटों को घुसने नहीं दे रही है।
भाजपा ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि जादवपुर निर्वाचन क्षेत्र के गांगुली बागान इलाके में माकपा उम्मीदवार सुजान चक्रवर्ती के बूथ एजेंट पर एक ‘‘फर्जी मतदाता’’ ने कथित तौर पर हमला कर दिया। उसने भागने की कोशिश करते हुए एजेंट पर मिर्ची का पाउडर फेंक दिया। घटना के बाद केंद्रीय पुलिस का एक दल घटनास्थल पहुंचा। इस बीच, भाजपा प्रत्याशी इंद्रनील खान ने केंद्रीय बलों पर कोलकाता के कस्बा निर्वाचन क्षेत्र में फर्जी मतदाताओं के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।
चौथे चरण में केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो और राज्य के मंत्री पार्थ चटर्जी तथा अरुप बिस्वास समेत 373 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत का फैसला 1.15 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे। मतदान शाम साढ़े छह बजे तक चलेगा। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। 15,940 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 789 टुकड़ियां तैनात की गई है।


Download Android App
Download iOS App



