हरिद्वार, संजय (पंजाब केसरी): नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य आज हरिद्वार के जयराम आश्रम में कांग्रेस नेताओं से मुलाकात करने मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान यशपाल आर्य ने राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने पर भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी की ओर से उठाए गए सवालों से भाजपा बौखला गई, इसी कारण राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता हटा दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर लोकसभा और राज्यसभा में ही बातों को नहीं रखेंगे तो कहां रखेंगे? आखिर क्यों राहुल गांधी के सवालों से केंद्र सरकार घबरा हुई है, यह बहुत बड़ा सवाल है, लेकिन कांग्रेस इन सभी बातों को आमजन तक पहुंचाने का काम करेगी और आमजन की लड़ाई लड़ती रहेगी।
पूर्व में कांग्रेस में रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया और गुलाम नबी आजाद की ओर से की जा रही बयानबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए यशपाल आर्य ने कहा कि कुछ बोलने से पहले यह सोच लेना चाहिए कि कांग्रेस पार्टी के यह सब सीनियर लीडर रहे हैं और कांग्रेस ने इन्हें बहुत कुछ दिया है। आज जब कांग्रेस कठिन समय से गुजर रही है तो उन्हें लगता है कि कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं है, इसलिए इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। इस दौरान हरिद्वार के तमाम कांग्रेसी व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App



