महाराष्ट्र के ठाणे जिले में सात वर्षीय एक बच्ची से उसके स्कूल के निकट एक खाली पड़ी इमारत में कथित तौर पर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। बजरपेठ पुलिस थाने के निरीक्षक यशवंत चव्हान ने बताया कि यह घटना पिछले बृहस्पतिवार को हुई और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपियों ने दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली इस बच्ची का यौन उत्पीड़न पहले भी किया है। आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय नवीन जसूजा, 34 वर्षीय अजय देहारे और 19 वर्षीय विक्रम पुरोहित के रूप में हुई है। ये आरोपी कल्याण शहर में अलग-अलग दुकानों में काम करते हैं।
अधिकारी ने बताया कि 19 सितंबर को जब बच्ची अपने स्कूल से बाहर आई तो आरोपी उसे खाली पड़े पास के मकान में ले गए और उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। बच्ची ने अपने माता-पिता को इस घटना के बारे में बताया।
शिकायत के आधार पर आरोपियों को पिछले शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों को बाद में स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 24 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अधिकारी ने बताया कि सामूहिक दुष्कर्म से पहले आरोपी बच्ची का यौन उत्पीड़न करते थे।


Download Android App
Download iOS App



