श्रीनिवासन की बेटी रूपा का टीएनसीए अध्यक्ष बनना तय

Summary :

रूपा के अध्यक्ष बनने का मतलब है कि टीएनसीए की कमान श्रीनिवासन परिवार के हाथों में ही रहेगी जैसा कि पिछले दो दशक में अधिकतर समय रहा है।

चेन्नई : बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने तमिलनाडु क्रिकेट संघ (टीएनसीए) पर अपनी मजबूत पकड़ बरकरार रखी है क्योंकि उनकी बेटी रूपा गुरुनाथ का 26 सितंबर को होने वाली एजीएम में बीसीसीआई से मान्यता प्राप्त किसी इकाई की पहली महिला अध्यक्ष बनना तय है। इसकी संभावना लगभग न के बराबर है कि श्रीनिवासन की बेटी को किसी तरह का विरोध का सामना करना पड़े। नामांकन की अंतिम तिथि 24 सितंबर है। 
सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में रविवार को यहां हुई टीएनसीए कार्यकारिणी की बैठक में फैसला किया गया। विभिन्न पदों के लिये जो अन्य उम्मीद्वार मैदान में हैं उनमें आर एस रामास्वामी (उपाध्यक्ष), के ए शंकर (संयुक्त सचिव), जे पार्थसारथी (कोषाध्यक्ष) और एन वेंकटरमन (सहायक कोषाध्यक्ष) शामिल हैं। 
रूपा के अध्यक्ष बनने का मतलब है कि टीएनसीए की कमान श्रीनिवासन परिवार के हाथों में ही रहेगी जैसा कि पिछले दो दशक में अधिकतर समय रहा है। गौरतलब है कि रूपा के पति गुरूनाथ मयप्पन चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व टीम प्रिसिंपल थे और बीसीसीआई ने 2013 आईपीएल के दौरान स्पॉट फिक्सिंग के मामले में लिप्त रहने के कारण उन पर आजीवन प्रतिबंध लगा रखा है। 

Desk Team