सूरत : दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेट टीम ने भारतीय दौरे की शुरूआत सकारात्मक तरीके से करते हुए रविवार को दूसरे टी20 अभ्यास मुकाबले में बोर्ड अध्यक्ष एकादश को 83 रन से शिकस्त दी। पहला अभ्यास मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 174 रन बनाने के बाद भारतीय पारी को महज 91 पर समेट दिया।
लेग स्पिनर लुस ने 17 रन देकर तीन विकेट लेकर बोर्ड अध्यक्ष एकादश के मध्यक्रम को झकझोर दिया। शबनिब इस्माइल ने 11 रन देकर तीन और अयाबोंग खाका ने सात रन देकर दो विकेट लिये। इससे पहले दक्षिण अफ्रीकी विकेटकीपर लिजेली ली ने 10 चौके और एक छक्के की मदद से 48 गेंद में 65 रन की पारी खेली। उन्होंने तजमिन ब्रिट्स (20 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की।


Download Android App
Download iOS App



