वरिष्ठ पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता गौरी लंकेश हत्या मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) ने इस सिलसिले में पूछताछ के लिए आज एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। इस मामले के जांच अधिकारी, पुलिस उपायुक्त (बेंगलुरू पश्चिम) एम एन अनुचेथ ने बताया कि टी नवीन कुमार उर्फ होत्ते मांजा को आठ दिन के लिए हिरासत में लिया गया है। कुमार पहले ही एक अन्य मामले में न्यायिक रिमांड पर है। हालांकि उन्होंने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष पांच सितंबर को गौरी लंकेश (55) की यहां उनके घर पर अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।पुलिस ने बताया कि कुमार को अवैध रूप से पिस्तौल की गोलियां रखने के आरोप में 19 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ सशस्त्र अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज किया गया था।
इससे पूर्व उसके द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के आधार पर पुलिस उससे और पूछताछ करना चाहती थी और इसके लिए पुलिस ने अदालत का रूख किया था। अदालत ने उसे आज आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



