पंजाब-उत्तराखंड के बाद अब गोवा में भी केजरीवाल ने किया ‘300 यूनिट फ्री बिजली’ का वादा

Summary :

गोवा विधानसभा चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार बनने पर अरविंद केजरीवाल ने वहां की जनता को 300 यूनिट फ्री बिजली देने का वादा किया है।

गोवा विधानसभा चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार बनने पर अरविंद केजरीवाल ने वहां की जनता से बिजली से जुड़े चार वादे किए है। जिसमें उन्होंने उत्तराखंड और पंजाब की तरह ही गोवा की जनता को 300 यूनिट फ्री बिजली देने का वादा किया है। 
गोवा पहुंचे आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, हर परिवार को हर महीने 300 यूनिट तक बिजली मुफ़्त दी जाएगी। बिजली के पुराने सारे बिल माफ किए जाएंगे। हम 24 घंटे बिजली देंगे। किसानों को खेती के लिए मुफ़्त बिजली दी जाएगी। मैं ‘गारंटी देता हूं कि केजरीवाल जो कहता है वो करता है।’
कांग्रेस-BJP पर हुए हमलावर 
केजरीवाल ने कहा, गोवा में राजनीति बहुत खराब हो गई है। लोगों ने कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए वोट दिया था और सरकार बीजेपी की बन गई। गोवा के लोग अब साफ राजनीति चाहते है। गोवा के लोग देखते हैं कि दिल्ली में लोगों ने कांग्रेस-बीजेपी को बाहर करके साफ राजनीति को जन्म दिया। 
उन्होंने कहा, 13 विधायकों वाली पार्टी में 28 विधायक थे। जिस पार्टी को 17 विधायक दिए थे, उनके पास सिर्फ पांच विधायक बचे। आपस में रुपये लेदेकर सरकार बना लो। चुनाव क्यों कराते हो? केजरीवाल ने कहा कि हम लोगों ने पार्टी लोगों की सेवा के लिए बनाई थी, राजनीति के लिए नहीं। अगले साल गोवा में विधानसभा चुनाव होने हैं। पार्टी ने यह चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

Desk Team