गोवा में 11 नगरपालिका परिषदों और पणजी नगर निगम के लिए 20 मार्च को चुनाव होंगे। राज्य निर्वाचन आयुक्त सी आर गर्ग ने बताया कि चुनाव के दौरान कोविड-19 संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 11 नगरपालिका परिषदों और पणजी शहर के नगर निगम के लिए मतदान सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। गर्ग ने बताया कि कोविड-19 से पीड़ित लोगों को शाम में चार से पांच बजे के बीच मतदान की इजाजत होगी। उन्होंने बताया कि राज्य में हाल में आयोजित जिला पंचायत चुनावों में भी यही प्रक्रिया अपनायी गयी थी। गोवा में 13 नगरपालिका परिषद और एक नगर निगम है।
गर्ग ने बताया कि जिन जगहों पर चुनाव होने हैं, वहां सोमवार से आचार संहिता लागू हो गयी। उन्होंने कहा कि संखलिम नगरपालिका परिषद के वार्ड नवेलिम (दक्षिण गोवा) जिला पंचायत क्षेत्र और विभिन्न ग्राम पंचायतों के 22 वार्ड के लिए भी 20 मार्च को उपचुनाव होंगे। उन्होंने बताया कि विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की जाएगी जिसका चुनाव के दौरान सभी लोगों को पालन करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा, ‘‘कोविड-19 संबंधी किसी भी तरह की समस्या से बचने के लिए मैं लोगों से सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करता हूं।’’ गर्ग ने बताया कि 25 फरवरी से चार मार्च के बीच नामांकन पत्र स्वीकार किये जाएंगे और छह मार्च को उनकी जांच होगी। मतगणना 22 मार्च को होगी।


Download Android App
Download iOS App



