गोवा : पुलिस SIT को हस्तांतरित करेगी भूमि संबंधी अनियमितताओं के मामले, DGP ने दी जानकारी

Summary :

गोवा राज्य के पुलिस महानिदेशक जसपाल सिंह ने कहा है कि राज्य में भूमि अनियमितताओं संबंधी सभी मामले नवगठित विशेष जांच दल (एसआईटी) को हस्तांतरित किए जाएंगे।

गोवा राज्य के पुलिस महानिदेशक जसपाल सिंह ने कहा है कि राज्य में भूमि अनियमितताओं संबंधी सभी मामले नवगठित विशेष जांच दल (एसआईटी) को हस्तांतरित किए जाएंगे। सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि, राज्य में कई पुलिस थानों में भूमि संबंधी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि, एसआईटी के गठन से लोगों को भूमि से जुड़ी धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज कराने के लिए आगे आने का प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा, भविष्य में ऐसे कई और मामले एसआईटी को हस्तांतरित किए जाएंगे।
सरकार ने हाल ही में किया है एसआईटी का गठन
सिंह ने कहा कि एसआईटी मामलों की जांच करने के अलावा मौजूदा कानूनों, नियमों या प्रक्रियाओं में संशोधन की भी सिफारिश करेगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। गोवा सरकार ने जमीन हथियाने और जमीन के अवैध हस्तांतरण के मामलों की जांच के लिए हाल में एसआईटी का गठन किया है। सात सदस्यीय एसआईटी का नेतृत्व अपराध शाखा में पुलिस अधीक्षक निधिन वलसन कर रहे हैं। इसमें राज्य पंजीयक और राज्य के पुरातत्व विभाग के सदस्य भी शामिल हैं।

एसआईटी ने कर्नाटक के एक व्यक्ति को किया है गिरफ्तार
एसआईटी ने फर्जी दस्तावेजों का उपयोग करके गोवा में 60-70 संपत्तियों को अवैध रूप से हस्तांतरित करने के आरोप में कर्नाटक के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा था कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी आरोपियों के साथ मिलीभगत करते पाया जाता है, तो उसे भी गिरफ्तार किया जा सकता है।

Desk Team