गोवा पर्यटन विभाग ने भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) से संपर्क कर राज्य में मौजूदा चुनाव के मौसम में यहां के बार एवं रेस्त्रां में शराब परोसे जाने के समय पर लगी पाबंदी में ढील देते हुए इसे रात 11 बजे से आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है। ईसीआई ने रात 11 बजे के बाद शराब परोसे जाने पर प्रतिबंध लगाया है। हालांकि, राज्य के पर्यटन उद्योग का कहना है कि इस फैसले से उनके कारोबार पर असर पड़ा है।
पर्यटन विभाग की ओर से बुधवार को जारी बयान के अनुसार समय की पाबंदी के असर से चिंतित गोवा के होटल कारोबारियों ने पर्यटन विभाग के निदेशक को अभिवेदन पेश किया और इस संबंध में ईसीआई से राहत का अनुरोध किया। इसके अनुसार अभिवेदन में समय में ढील देने की जरूरत पर जोर दिया गया है क्योंकि पर्यटन का मौसम इस वक्त अपने चरम पर है। गोवा में दो लोकसभा सीटों के लिये चुनाव एवं तीन विधानसभा सीटों के लिये उपचुनाव 23 अप्रैल को होगा।


Download Android App
Download iOS App



