कोलकाता : फासीवादी’ नरेन्द्र मोदी सरकार के चुनाव बाद सत्ता से बाहर जाने को रेखांकित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद केन्द्र में क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टियों के गठबंधन की सरकार बनेगी और उनकी पार्टी इसमें ‘सबसे महत्वपूर्ण’ भूमिका निभाएगी। हालांकि, उन्होंने ना तो यह स्वीकार किया और ना ही इंकार किया कि अगर भाजपा विरोधी मोर्चा सत्ता में आता है तो तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रधानमंत्री पद के लिए दावेदार होंगी या नहीं।
ब्रायन ने कहा चार चरण के मतदान के बाद, मैं विश्वासपूर्वक कह सकता हूं कि यह फासीवादी नरेन्द्र मोदी सरकार बाहर जाने के रास्ते पर है। क्षेत्रीय पार्टियों के सहयोग से केन्द्र में एक नयी सरकार बनेगी।’’ मोर्चे की अगुवाई के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘सभी नेता और सांसद (घटक दलों) एक साथ बैठेंगे और कौन नेता होगा, इसका निर्णय लेंगे।
मोर्चे का नेता चुनने के लिए हमें केवल एक घंटे का समय लगेगा।’’ सरकार गठन में अपनी पार्टी की भूमिका के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘अगली सरकार में तृणकांग्रेस सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।’’ बनर्जी के प्रधानमंत्री बनने के बारे में पूछे जाने पर तृणकां नेता ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा, ‘‘ममता बनर्जी की साख खुद बयां करती है।’’
उन्होंने कहा कि वह कई बार संसद सदस्य और मंत्री रही हैं और दो बार मुख्यमंत्री बनी हैं। उन्होंने कहा कि हमें पश्चिम बंगाल की 42 सीटें जीतने की उम्मीद है। ऐसे में तृणकां के किसी व्यक्ति को उनका बायोडाटा लेकर घूमने की जरूरत नहीं है। भाजपा विरोधी मोर्चे में कांग्रेस का हिस्सा होने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने सकारात्मक जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘‘बेशक, कांग्रेस इसका हिस्सा होगी।’’


Download Android App
Download iOS App



