पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने शनिवार को राज्य के गृह विभाग पर मालदा की एक फैक्टरी में विस्फोट पर उनकी प्रतिक्रिया को लेकर उनपर निशाना साधने का आरोप लगाया। इस विस्फोट में छह लोगों की जान चली गयी थी।
राज्यपाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल के संवैधानिक प्रमुख पर आरोप लगाते हुए ट्वीट करना बहुत बड़ी धृष्टता, संविधान का निरादर है और यह इस बात का संकेत है कि ‘नौकरशाही ‘राजनीतिक रूप से बंधक’ है। धनखड़ ने नौ नवंबर को मालदा के शुजापुर में विस्फोट होने के बाद से प्रशासन से ‘अवैध बम निर्माण’ को नियंत्रित करने को कहा था।
गृह विभाग ने किसी का नाम लिये बगैर ट्वीट किया था कि यह धमाका निर्माण प्रक्रिया के दौरान हुआ और उसका अवैध बम बनाने से कोई लेना-देना नहीं है, जैसा कि कुछ लोगों द्वारा ‘गैर जिम्मेदाराना’ ढंग से बताया गया । उसने कहा कि यह ‘तथ्यात्मक रूप से सही’ होने का वक्त है।
राज्यपाल ने अपने ट्वीटों में राज्य प्रशासन पर कथित राजनीतिक तरफदारी को लेकर निशाना साधा। धनखड़ ने ट्वीट किया, ‘‘ राज्यपाल पर आरोप लगाते हुए बंगाल के गृह विभाग द्वारा किये गये ट्वीट असमर्थनीय हैं और इसे कतई सही नहीं ठहराया जा सकता है।
ममता बनर्जी के सामने मुद्दा उठाया गया। संवैधानिक प्रमुख पर निशाना साधना दर्शाता है कि नौकरशाही राजनीतिक रूप से बंधक है।’’ उन्होंने लिखा, ‘‘पश्चिम बंगाल पुलिस और नौकरशाही की ऐसी निर्बलता, आत्मसमर्पण एवं राजनीतिकरण दुर्भाग्यपूर्ण है और लोकतंत्र के लिए शुभ नहीं है।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘गृह विभाग के इन ट्वीटों को लेकर उसके अतिरिक्त मुख्य सचिव से जवाब मांगा है, क्योंकि संविधान और कानून के शासन के ऐसे निरादर की अनदेखी नहीं की जा सकती है।’’


Download Android App
Download iOS App



