गुजरात में कोरोना वायरस के मामले दिन पर दिन लगातार तेजी के साथ बढ़ रहे हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने सोमवार को कहा कि राज्य में पुनः लॉकडाउन लागू करने की उनकी सरकार की कोई योजना नहीं है। लॉकडाउन के बारे में सोशल मीडिया पर लगाई जा रही अटकलों को खारिज करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से ऐसी “बेबुनियाद अफवाहों” पर ध्यान न देने का आग्रह किया।
राज्य में एक जून से प्रतिबंधों में ढील दी गई है जिसके बाद निषिद्ध क्षेत्रों को छोड़कर अन्य स्थानों पर उद्योग, कार्यालय, दुकानें, बस और ऑटो रिक्शा चलाने की अनुमति दी गई है। रूपाणी ने एक वक्तव्य में कहा, “एक जून से अनलॉक का पालन करते हुए सामान्य जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर आ रहा है। राज्य में व्यवसाय और व्यापार संबंधी गतिविधियां भी सामान्य होने लगी हैं। ऐसी स्थिति में पुनः लॉकडाउन लागू करने की राज्य सरकार की कोई योजना नहीं है।”
उन्होंने कहा कि कोविड-19 से मुकाबला जारी है और लोग भी इसके साथ जीना सीख रहे हैं। सोशल मीडिया में ऐसी अफवाहें फैल रही थीं कि राज्य में कोविड-19 के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है इसलिए सरकार पुनः लॉकडाउन लागू कर सकती है। ऐसी अफवाहों को विराम देने के लिए रूपाणी ने वक्तव्य जारी किया।


Download Android App
Download iOS App



