गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली ऐतिहासिक रिकॉर्ड जीत के बाद नए मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही है। आज भूपेंद्र पटेल लगातार दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह गांधीनगर के हेलीपैड ग्राउंड में दोपहर 2 बजे होगा। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के कई दिग्गज नेता भी शामिल होंगे जैसे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, इसके साथ-साथ बीजेपी शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और कई मंत्री भी इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
कई चेहरों पर लगी मुहर
जानकारी के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह से पहले पार्टी ने नए मंत्रिमंडल के तय नामों वाले विधायकों की सूचि बनाकर उन्हें सुचना दे दी है। ऐसी खबरें हैं कि कुल 17 विधायकों को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने फोन करके शपथ लेने के बारे में जानकारी दी है। इससे यह भी माना जा रहा है कि इन विधायकों का मंत्री बनना लगभग तय है। इस बीच ऐसी जानकारी भी मिल रही है कि इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 200 संतों को आमंत्रण भेजा गया है।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले होगी मीटिंग
बता दें कि, इससे पहले भूपेंद्र पटेल और गुजरात बीजेपी के अध्यक्ष सीआर पाटिल ने पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा की थी। इस बैठक के बाद ऐसा माना जा रहा है कि करीब 20-22 चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। इन मंत्रियों में 9 को कैबिनेट और बाकी को राज्य मंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि शपथ ग्रहण से पहले भाजपा के नेताओं की एक मीटिंग होगी जिसमे भी कई चेहरों पर चर्चा हो सकती है।
गौरतलब है कि भूपेंद्र पटेल ने घाटलोडिया सीट पर 1.92 लाख मतों के अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी को मात दी है। पिछले साल सितंबर में विजय रूपाणी के इस्तीफे के बाद राज्य की कमान पटेल को मिली थी। अब वह दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



