गुजरात की रूपाणी सरकार अपनी साफ छवि के लिए जानी जाती है, लेकिन इन दिनों उनके कुछ नेता कथित तौर पर भ्रष्टाचार के अपराध में फंसते नजर आ रहे है। प्रदेश के अहमदाबाद जिले में वीरांगम नगर निगम में गुजरात के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भाजपा के दो पार्षद, एक महिला पार्षद के पति और एक नाबालिग लड़के के खिलाफ रिश्वत लेने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
इन पर गंभीर आरोप लगने के बाद प्रदेश के अहमदाबाद नगर निगम में उथल-पुथल मच सकती है, राज्य की विपक्षी पार्टी इसका जमकर राजनीतिक फायदा उठाने की पुरजोर कोशिश करेगी। अधिकारी ने बताया कि पार्षद अजय ठाकोर, अनिल पटेल तथा पार्षद कंचन ठाकोर के पति रतिलाल और एक नाबालिग लड़के के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
एक ठेकेदार की शिकायत के बाद एसीबी ने वीरांगम के बाहरी इलाके में एक फार्महाउस पर जाल बिछाया और पार्षद अजय ठाकुर और नाबालिग को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। ठेकेदार को राज्य सरकार की एक योजना के तहत तालाब से गाद निकालने का कार्य सौंपा गया था। ठेकेदार ने आरोप लगाया है कि पार्षदों और रतिलाल ठाकोर ने उन्हें काम करने देने के लिए 10,000 रुपये की मांग की थी।
इससे पहले ही ठेकेदार ने अनिल पटेल को दस हजार रुपये का एक फोन दिया था, लेकिन फिर तीनों ने कुल 20 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद शिकायतकर्ता ने आरोपी के साथ अपनी बातचीत के ‘ऑडियो क्लिप’ को एसीबी को दिया, जिसके बाद एक जाल बिछाया गया और दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



