गुजरात विधानसभा चुनाव में मतगणना के दौरान EVM से छेड़छाड़ के कथित प्रयासों के विरोध में गांधीधाम से कांग्रेस उम्मीदवार भरतभाई वेलजीभाई सोलंकी ने अपने गले में फंदा बांध लिया और आत्महत्या की कोशिश की।
ठीक से सील नहीं करने का लगाया आरोप
खबर लिखे जाने तक सोलंकी भाजपा के मालती किशोर माहेश्वरी से 15,000 से अधिक मतों से पीछे चल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ईवीएम को ठीक से सील नहीं किया गया था। मतगणना कक्ष में ईवीएम से छेड़छाड़ के कथित प्रयासों के खिलाफ परेशान नजर आ रहे सोलंकी फिर धरने पर बैठ गए और गले में फंदा बांध दिया। उन्होंने दावा किया कि उनके द्वारा मुद्दा उठाए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
1995 से अब तक चुनाव नहीं हारी है भाजपा
भारतीय जनता पार्टी 1995 के बाद से गुजरात में कोई विधानसभा चुनाव नहीं हारी है। रुझानों के अनुसार 182 सीटों में से 155 पर आगे है। गुजरात में बीजेपी 27 साल से सत्ता में है, लेकिन इतने बड़े जनादेश के साथ कभी कोई पार्टी चुनाव नहीं जीती है।
भाजपा को अब तक 53.62 प्रतिशत वोट मिले हैं, कांग्रेस को 26.57 फीसदी और आप 12.80 फीसदी। गुजरात में 182 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत का निशान 92 है।


Download Android App
Download iOS App



