Gujarat News: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को वडोदरा में बूथ वालेंटियर्स के क्षेत्रीय सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर जोरदार हमला बोला। केजरीवाल ने कहा कि 2027 के गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा की विदाई तय है और सत्ता गुजरात की जनता के हाथ में आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 30 सालों से भाजपा ने डर, जेल और भ्रष्टाचार के सहारे गुजरात पर शासन किया है, लेकिन अब लोगों के मन से डर खत्म हो चुका है।
Gujarat News: कांग्रेस पर गंभीर आरोप, जनता को नहीं है भरोसा
केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा सरकार से सरकारी ठेके मिलते हैं, इसी वजह से कांग्रेस कभी भाजपा के खिलाफ मजबूती से खड़ी नहीं हो सकती। जनता को कांग्रेस से अब कोई उम्मीद नहीं है। उनके मुताबिक गुजरात में सिर्फ आम आदमी पार्टी ही भाजपा को हरा सकती है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सत्ता की नहीं, बल्कि गुजरातियों के सम्मान और न्याय की लड़ाई है।

Arvind Kejriwal News: गुजरात में तेजी से बढ़ रहा ‘आप’ का संगठन
केजरीवाल ने दावा किया कि गुजरात में आम आदमी पार्टी का संगठन तेजी से फैल रहा है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा से भी बड़ा संगठन ‘आप’ का बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पूरे राज्य में भय और अत्याचार का माहौल बना रखा है, लेकिन अब लोग खुलकर उसके खिलाफ सामने आ रहे हैं।
किसानों पर अत्याचार और आंदोलन का जिक्र
अरविंद केजरीवाल ने हड़दड़ किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि करदा प्रथा के खिलाफ शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे 85 गरीब किसानों को जेल में डाल दिया गया। उन्होंने बताया कि जेल में बंद किसानों के परिवारों से मिलने पर परिवारों ने कहा कि अगर गुजरात की तरक्की के लिए बच्चों को तीन साल भी जेल में रहना पड़े तो वे तैयार हैं। इससे साफ है कि जनता के मन से डर खत्म हो रहा है।

30 साल में गुजरात को बर्बाद करने का आरोप
केजरीवाल ने कहा कि एक समय गुजरात देश का सबसे समृद्ध राज्य माना जाता था, लेकिन भाजपा के 30 साल के शासन में सब कुछ लूट लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को फसल का सही दाम नहीं मिलता, खाद-बीज और पानी की समस्या है। सड़कों, बिजली, स्कूल और अस्पतालों की हालत खराब है। सरकारी स्कूलों की बदहाली के कारण गरीबों को मजबूरी में बच्चों को प्राइवेट स्कूल भेजना पड़ता है, जहां मनमानी फीस वसूली जाती है।
सरकारी अस्पतालों को जानबूझकर कमजोर किया गया
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में दवाइयां, डॉक्टर और जांच की सुविधाएं नहीं मिलतीं। ऐसा जानबूझकर किया गया ताकि गरीबों को प्राइवेट अस्पतालों में जाना पड़े। उन्होंने कहा कि प्राइवेट स्कूल और अस्पताल भाजपा नेताओं के ही हैं, इसलिए सरकारी व्यवस्थाओं को कमजोर किया गया। वहीं केजरीवाल ने कहा कि व्यापारी टैक्स भी देते हैं और नेताओं को चंदा भी, फिर भी उनका अपमान होता है। व्यापार चौपट हो चुका है। उन्होंने कहा कि युवा बेरोजगार हैं और रोजगार मांगने पर उन्हें नकली शराब जैसे मुद्दों में उलझा दिया जाता है।

हरनी तालाब हादसे का जिक्र
केजरीवाल ने हरनी तालाब नाव हादसे का जिक्र किया, जिसमें 12 स्कूली बच्चों की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि बच्चों के पास सेफ्टी जैकेट नहीं थी और ठेकेदार भाजपा से जुड़ा था। दो साल बीत जाने के बावजूद किसी को सजा नहीं मिली, जो सरकार की संवेदनहीनता दिखाता है।
महिलाओं और आदिवासियों के साथ अन्याय का आरोप
केजरीवाल ने कहा कि न्याय मांगने गई महिलाओं को मुख्यमंत्री की सभा से बाहर निकलवाया गया और बाद में उनके घर तोड़ने की कार्रवाई की गई। उन्होंने आदिवासी इलाकों के विकास के लिए आने वाले फंड के दुरुपयोग का आरोप लगाया और आदिवासी नेता चैतर वसावा को जेल भेजे जाने को आवाज दबाने की कोशिश बताया।

आदिवासी कल्याण फंड के दुरुपयोग का आरोप
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की डेडियापाड़ा सभा में आदिवासी कल्याण फंड से 50 करोड़ रुपये खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि यह पैसा स्कूल, अस्पताल और गांवों के विकास के लिए था, लेकिन इसे सभाओं, टेंट और खाने-पीने पर खर्च कर दिया गया।
भाजपा विधायकों की चिट्ठी का हवाला
केजरीवाल ने बड़ोदरा के पांच भाजपा विधायकों द्वारा मुख्यमंत्री को लिखी चिट्ठी का जिक्र किया, जिसमें प्रशासनिक व्यवस्था के गिरने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि जब अधिकारी मुख्यमंत्री और विधायकों की नहीं सुन रहे, तो आम जनता के काम कैसे होंगे।

2027 में बदलाव का दावा
केजरीवाल ने कहा कि अगर भाजपा ने 30 साल में अच्छा काम किया होता, तो आम आदमी पार्टी की सभाओं में इतनी भीड़ नहीं होती। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 2027 में ‘आप’ की सरकार बनने पर किसानों, व्यापारियों और युवाओं के लिए बेहतर गुजरात बनाया जाएगा।
कार्यकर्ताओं से जेल जाने के लिए तैयार रहने की अपील
केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव नजदीक आते ही दमन बढ़ेगा और जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि वे खुद और पार्टी के कई नेता जेल जा चुके हैं, लेकिन संघर्ष जारी रहेगा। अंत में केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं से अगले दो साल तक मेहनत करने, घर-घर जाने और रोज पांच नए वोट जोड़ने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि विसावदर की तरह पूरा गुजरात भाजपा को चुनौती देगा और इस बार राज्य में बदलाव तय है।
यह भी पढ़ें: गुजरात की राजनीति में बड़ा उलटफेर, कांग्रेस को पछाड़ AAP बनी दूसरी सबसे बड़ी ताकत



















