Nitin Nabin Nomination: भारतीय जनता पार्टी (BJP) में एक नए अध्याय की शुरुआत हो रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए चल रही चुनावी प्रक्रिया में नितिन नबीन ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस मौके पर बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, जिनमें गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah), रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन का निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय है और वे मंगलवार को पद की शपथ लेंगे।
Nitin Nabin Nomination: अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया पूरी
बीजेपी संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले कम-से-कम 50 प्रतिशत राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव होना जरूरी होता है। इस बार 36 में से 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रदेश अध्यक्षों का चुनाव पूरा हो चुका है। इसके बाद 16 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की समय-सारणी जारी की गई और मतदाता सूची प्रकाशित की गई।
19 जनवरी 2026, सोमवार को दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच नामांकन प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान नितिन नबीन के समर्थन में कुल 37 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इनमें 36 नामांकन विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए, जबकि एक नामांकन बीजेपी संसदीय दल की ओर से दाखिल किया गया। सभी नामांकन पत्र सही पाए गए और वैध घोषित किए गए।

Nitin Nabin Nomination (Image- Social Media)
BJP Nitin Nabin: अब सिर्फ नितिन नबीन का नाम
नामांकन वापसी की प्रक्रिया के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ नितिन नबीन का ही नाम शेष रह गया है। ऐसे में उनका निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना तय माना जा रहा है। पार्टी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण द्वारा शाम को इसकी औपचारिक जानकारी दी जाएगी। हालांकि, नए अध्यक्ष के नाम का आधिकारिक ऐलान 20 जनवरी को किया जाएगा।
National President Election: PM मोदी सहित दिग्गज नेता होंगे मौजूद
मंगलवार सुबह बीजेपी मुख्यालय में करीब 700 प्रतिनिधि जुटेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री ने संसदीय दल वाले नामांकन पत्र पर प्रस्तावक के रूप में हस्ताक्षर किए हैं। उनकी मौजूदगी में नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
नेताओं की प्रतिक्रियाएं
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने कहा कि नितिन नबीन का अध्यक्ष बनना सिर्फ पार्टी ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नबीन को आगे बढ़ाकर युवाओं और Gen-Z को राजनीति में आने का बड़ा संदेश दिया है। पार्टी आगामी चुनाव नितिन नबीन के नेतृत्व में लड़ेगी।

Nitin Nabin Nomination (Image- Social Media)
BJP मुख्यालय में उत्साह का माहौल
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव को लेकर दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में खासा उत्साह देखा गया। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साई सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष समर्थन पत्र जमा करने पहुंचे।
नितिन नबीन का राजनीतिक सफर
नितिन नबीन बिहार के एक अनुभवी और मजबूत संगठनकर्ता माने जाते हैं। वे पांच बार बिहार विधानसभा के विधायक रह चुके हैं और 2010 से लगातार पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से जीतते आ रहे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत 2006 में की थी। हाल ही में उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। अब वे पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं।

Nitin Nabin Nomination (Image- Social Media)
कल होगा शपथ ग्रहण
सूत्रों के मुताबिक, नितिन नबीन मंगलवार सुबह 11:30 बजे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की शपथ लेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।





















