हल्द्वानी में पेयजल संकट गहराया

Summary :

ज्यों-ज्यों पारा चढ़ रहा है त्यों-त्यों पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। हल्द्वानी और नैनीताल के विभिन्न इलाकों में इन दिनों पेयजल संकट गहराया हुआ है।

हल्द्वानी : ज्यों-ज्यों पारा चढ़ रहा है त्यों-त्यों पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। हल्द्वानी और नैनीताल के विभिन्न इलाकों में इन दिनों पेयजल संकट गहराया हुआ है। गौला से आपूर्ति बाधित होने के साथ-साथ ट्यूबवैल भी जवाब देने लगे हैं। जिसके चलते बूंद-बूंद पानी के लिए हा-हाकार मचा हुआ है। जिससे लोगों में संबंधित विभागों के प्रति आक्रोश पनपने लगा है। इस क्रम में मंगलवार को बिठौरिया नंबर एक के वाशिंदे जल संस्थान आ धमके।

जहां उन्होंने ईई से शीघ्र पेयजल संकट से निजात दिलाने की मांग की। इस दौरान लोगों का कहना था कि क्षेत्र में करीब एक सप्ताह से अधिक समय से पेयजल संकट गहराया हुआ है। जिसके चलते लोगों को पीने तक के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। कहने को तो क्षेत्र में दो-दो पेयजल लाईनें संचालित हैं। जिनमें गौला नदी व ट्यूबवैल लाईनें शामिल हैं। लेकिन दोनों ही लाईनों से एक बूंद भी पानी नहीं टपक रहा है। लोग टैंकरों के माध्यम से अपने-अपने घरों में पानी मंगा रहे हैं।

संबंधित विभागों को लगातार अवगत कराता जाता रहा है, लेकिन अधिकारियों के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है। जिसका खामियाजा वहां के निवासियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विशाल कुमार से शीघ्र समस्या से निजात दिलाने की मांग की। ऐसा न होने पर उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

– संजय तलवाड़

Desk Team