कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बी के हरिप्रसाद ने शुक्रवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर नोटबंदी के ‘‘मनमाने और विनाशकारी निर्णय’’ से देश की अर्थव्यवस्था को ‘‘बर्बाद’’ करने का आरोप लगाया। हरिप्रसाद ने कहा कि सरकार इस तथ्य को पूरी तरह से खारिज कर रही है कि अर्थव्यवस्था खराब हालत में है।
कांग्रेस नेता ने नोटबंदी के उद्देश्य पर सवाल उठाया क्योंकि यह अपने उद्देश्यों को पूरा करने में असफल रही जिसमें कश्मीर में आतंकवाद समाप्त करना और कालाधन सामने लाना शामिल था। उन्होंने कहा, ‘‘देश की अर्थव्यवस्था नीचे की ओर जा रही है और इसके पीछे प्रमुख कारणों में नोटबंदी का निर्णय शामिल है। इसने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया।’’
कांग्रेस सांसद ने नोटबंदी के तीन साल पूरे होने पर यहां आयोजित एक प्रदर्शन में कहा, ‘‘निर्णय का भारतीय अर्थव्यवस्था पर गहरा प्रभाव पड़ा है। इसमें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने से लेकर बेरोजगारी लाना, औद्योगिक स्टार्टआप बर्बाद करना शामिल है।’’ उन्होंने दावा किया कि नोटबंदी के दौरान जो उद्देश्य सूचीबद्ध किये गए थे उनमें से एक की भी पूर्ति नहीं हुई। उन्होंने कहा, ‘‘कालेधन का पता लगाने से लेकर भ्रष्टाचार से मुकाबला, कश्मीर में आतंकवाद का ढांचा नष्ट करना..इनमें से किसी भी उद्देश्य की पूर्ति नहीं हुई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस निर्णय ने भारतीय अर्थव्यवस्था बर्बाद कर दी, कई जानें चली गईं, लाखों छोटे व्यापार बंद हो गए और लाखों भारतीय बेरोजगार हो गए।’’ हरिप्रसाद ने देश की अर्थव्यवस्था को पूर्व की स्थिति में लाने में असफल रहने के लिए केंद्र की आलोचना की। उन्होंने कहा कि नरमी को लेकर विचित्र बात यह है कि केंद्र आर्थिक नरमी को पूरी तरह से नकार रहा है। पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने नोटबंदी के निर्णय के खिलाफ कोल इंडिया कार्यालय से मध्य कोलकाता में आरबीआई कार्यालय तक एक विरोध मार्च निकाला।


Download Android App
Download iOS App



