नयी दिल्ली : भारतीय आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन आगामी इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलेंगे जिसके लिए दिल्ली की टीम ने किंग्स इलेवन पंजाब को हरफनमौला खिलाड़ी जगदीश सुचित को देने का फैसला किया है।
खबर है कि दिल्ली कैपिटल्स ने अश्विन को टीम से जोड़ने के लिए सुचित के अलावा 1.5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि दी है। तैंतीस साल के अश्विन को 7.6 करोड़ रुपये मिलेंगे जो 2018 में उनके लिए लगी नीलामी की बोली के बराबर है।
दिल्ली कैपिटल्स के सह मालिक पार्थ जिंदल ने कहा, ‘‘ वह सर्वश्रेष्ठ और सबसे अनुभवी स्पिनरों में से एक है जिन्होंने सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत के साथ साथ आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया है। हमारी नजरें आईपीएल खिताब पर हैं और मुझे इस बात को लेकर कोई शंका नहीं है कि अश्विन की मौजूदगी से टीम को काफी फायदा होगा।’’
अश्विन ने भारत के लिए 68 टेस्ट और 111 एकदिवसीय में क्रमश: 357 और 150 विकेट लिये हैं। उन्होंने आईपीएल में 2009 में पदार्पण करने के बाद 139 मैचों में 125 विकेट चटकाए हैं। उनका इकोनोमी रेट 6.79 है जो खेल के सबसे छोटे प्रारूप में लाजवाब है। आईपीएल की ट्रांस्फर विंडो 14 नवंबर तक खुली है, इसी दौरान और खिलाड़ियों का आदान-प्रदान हो सकता है।


Download Android App
Download iOS App



