कारोबारी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के भांजे रतुल पुरी ने सोमवार को दिल्ली की अदालत के समक्ष दावा किया कि वीवीआईपी हेलीकॉप्टर घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से उसके खिलाफ दर्ज मामला विरोधाभासों से भरा है और एजेंसी के पास कोई सबूत नहीं है।
धन शोधन के मामले में अदालत से जमानत देने की मांग करते हुए पुरी ने कहा कि उसके तीन बच्चे हैं, जिनकी देखभाल करनी है और हजारों लोग उस पर निर्भर हैं। पुरी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने विशेष न्यायाधीश अरविंद कुमार से कहा कि जिन दस्तावेजों के भरोसे ईडी है, वे सार्वजनिक मंच पर मौजूद हैं और इसलिए उनके मुवक्किल को हिरासत में रखने की कोई जरूरत नहीं है।
उल्लेखनीय है कि ईडी ने पुरी को चार सितंबर को गिरफ्तार किया था और अभी वह न्यायिक हिरासत में हैं। पुरी की ओर से पेश एक अन्य वरिष्ठ वकील विकास पहवा ने अदालत से कहा कि जमानत मिलने पर उनका मुवक्किल नहीं भागेगा। अदालत में मंगलवार को भी मामले पर सुनवाई जारी रहेगी और माना जा रहा है कि जमानत याचिका के खिलाफ ईडी अपना पक्ष रखेगा।


Download Android App
Download iOS App



