झारखंड भाजपा ने राज्य में कानून व्यवस्था की खराब स्थिति के लिए हेमंत सोरेन सरकार की जमकर आलोचना की और कहा कि जब हेमंत सोरेन नेतरहाट में चैन की बंसी बजा रहे थे उस समय नक्सली चतरा में छठ घाट पर गोलीबारी कर रहे थे। भाजपा प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह ने हेमंत सरकार की निंदा करते हुए कहा,‘‘ राज्य में भय एवं खौफ व्याप्त है। आज सरकार अपराधियों एवं उग्रवादियों के सामने नतमस्तक है और छठ महापर्व के शुभ अवसर पर भी झारखंड की जनता को राहत नहीं है क्योंकि जिस प्रकार खुलेआम चतरा के सिमरिया थाना क्षेत्र में छठ घाट पर उग्रवादियों ने कोयला व्यवसाई मुकेश गिरी की गोलियों से भूनकर निर्मम हत्या कर दी वह इस बात का प्रमाण है कि झारखंड सरकार की विधि व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।’’
आज सुबह छठ पूजा के समय अपराधियों ने कोयला व्यवसाई मुकेश गिरी की हत्या कर दी।
अविनेश ने कहा कि राज्य में उग्रवादियों ने तांडव मचा दिया है और राज्य के मुख्यमंत्री नेतरहाट में चैन की बंसी बजा रहे हैं और मौजमस्ती कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अब इससे इनकार नहीं किया जा सकता कि 10 माह की हेमंत सरकार ने अपराधियों एवं उग्रवादियों के सामने घुटने टेक दिए हैं आज अपराधियों का, उग्रवादियों का दुस्साहस चरम पर है।


Download Android App
Download iOS App



