Himachal Vidhansabha Budget Session: हिमाचल प्रदेश की 14 वीं विधानसभा का बजट सत्र आज राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। यह सत्र फिलहाल तीन दिनों के लिए निर्धारित किया गया है पर सदन में कार्यसूची आने की स्थिति में इसे आगे भी बढ़ाया जा सकता है। सत्र के पहले दिन राज्यपाल विधानसभा को संबोधित कर सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद शोकोद्वार होगा और उसके बाद कार्यसूची (बिजनेस) लिया जाएगा। यह जानकारी बजट सत्र को लेकर आयोजित एक प्रेस कांफ्रेस में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने दी।
सत्र तीन दिन के लिए निर्धारित
विधानसभा अध्यक्ष पठानिया ने कहा कि अभी सत्र तीन दिन के लिए निर्धारित किया गया और बिज़नेस आने पर यह बढ़ भी सकता है। उन्होंने कहा कि अभी तक सदस्यों से कुल 125 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं जिसमें 111 प्रश्न तारांकित तथा 14 प्रश्न अतारांकित हैं जो ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुई हैं और उन्हें नियमानुसार सरकार को आगामी कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
इसके अतिरिक्त नियम 62 तथा 101 के तहत 2 सूचनाएं ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुई हैं जिन्हें भी नियमानुसार सरकार को आगामी कार्रवाई के लिए भेजा गया है। सरकार ने आरडीजी पर नियम 101 के तहत प्रस्ताव दिया है। आशंका जताई जा रही है कि इस चर्चा के दौरान सदन में हंगामा हो सकता हैं।
विकास, रिक्त पद और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा
उन्होंने कहा कि सदस्यों से जो सूचनाएं प्रश्नों के माध्यम से प्राप्त हुई हैं वह मुख्यत, इन्दिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि, स्कूलों का विलय, सड़कों, पुलों का निर्माण, स्वीकृत सड़कों की डीपीआर, प्रदेश में महाविद्यालयों, स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों इत्यादि का उन्नयन एवं विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की पदपूर्ति, पर्यटन, उद्यान, पेयजल की आपूर्ति, युवाओं में बढ़ते नशे के प्रयोग की रोकथाम, बढ़ते अपराधिक मामलों व सौर ऊर्जा तथा परिवहन व्यवस्था पर आधारित है।
इसके अतिरिक्त सदस्यों ने प्रश्नों के माध्यम से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से सम्बन्धित मुख्य मुद्दों को भी उजागर किया है। पठनिया ने कहा कि सत्र निर्विघ्न तथा सुचारू रूप से चले, इसके लिए उन्होंने कल सर्वदलीय बैठक बुलाई है जिसमें संसदीय कार्य मंत्री, नेता प्रतिपक्ष, उप-मुख्य सचेतक तथा भारतीय जनता पार्टी के मुख्य सचेतक शामिल होंगे।
बजट सत्र के लिए कड़ी सुरक्षा
बजट सत्र के दौरान सुरक्षा, कानून व्यवस्था तथा कार्यवाही के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला पुलिस शिमला द्वारा जिला प्रशासन, गुप्तचर विभाग, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक एवं बहु-स्तरीय सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। विधानसभा सत्र के दौरान संभावित धरना-प्रदर्शन, रैली तथा अन्य गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए विधानसभा परिसर तथा आसपास के क्षेत्र को चार पुलिस सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों को प्रभारी नियुक्त किया गया है, जिनकी निगरानी में पुलिस बल अपनी ड्यूटी का निर्वहन करेगा।
रिपोर्ट- विक्रांत सूद
यह भी पढ़ें: बंगाल में चुनाव से पहले ECI का बड़ा एक्शन, ममता बनर्जी के 7 अधिकारी निलंबित, क्या SIR से है सीधा कनेक्शन?


Download Android App
Download iOS App






