आंध्र प्रदेश : गैस रिसाव की घटना में 8 लोगों की मौत, गृह मंत्री शाह ने NDMA अधिकारियों से की चर्चा

Summary :

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक फार्मा कंपनी के केमिकल प्लांट में जहरीली गैस लीक होने की वजह से 8 लोगों की मौत हो गई है।

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक फार्मा कंपनी में हुई गैस रिसाव की घटना पर गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने इस घटना को परेशान करने वाली बताते हुए विशाखापत्तनम के लोगों की भलाई के लिए प्रार्थना की।
गृह मंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा, विजाग की घटना परेशान करने वाली है। मैंने एनडीएमए के अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों से इस घटना पर बात की है। हम स्थिति पर लगातार और बारीकी से नजर रख रहे हैं। मैं विशाखापत्तनम के लोगों की भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं। 


आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक फार्मा कंपनी के केमिकल प्लांट में जहरीली गैस लीक होने की वजह से 8 लोगों की मौत हो गई है। वहीं गैस का रिसाव अब बंद हो गया है। वेंकटपुरम गांव के आसपास लोगों ने गुरुवार सुबह सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की है। कई लोगों को चक्कर भी आए। 

जिसके बाद मौके पर पहुंची एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम ने लोगों को गांवों से बाहर निकाला। जानकारी के मुताबिक आरआर वेंकटपुरम में स्थित विशाखा एलजी पॉलिमर कंपनी से खतरनाक जहरीली गैस का रिसाव हुआ है। गैस के कारण फैक्ट्री के आस-पास के पांच गांव खाली करा लिए गए। सैकड़ों लोग सिर दर्द, उल्टी और सांस लेने में तकलीफ के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं।

Desk Team